देखते ही देखते खंडर में बदल गए 42 पक्के मकान,                           सीएम राइज स्कूल के लिए मुक्त कराई गई सरकारी जमीन

 

(राजा खान)

सतवास । नगर में  प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की बडी कार्यवाही पूरी की।  शासन के आदेश पर सीएम राइज स्कूल बनना है लेकिन जमीन पर 40 से अधिक घर बने हुए थे।  स्कूल के लिए जमीन मुक्त कराने के लिए इन मकानों को बुधवार को तोडा गया। जेसीबी का पंजा जब चलने लगा तो देखते ही देखते मकान खंडर में बदल गए।  सतवास पुनर्वास स्थल के 42 मकानों की करोड़ो की संपत्तियों पर आखिरकार सरकार का बुलडोजर चल ही गया।  दरअसल सतवास में पुनर्वास स्थल के सामने सरकार की बेशकीमती जमीन पर कुछ वर्षों में अतिक्रमण हो गया था, जिस पर सरकार का सीएम राइज़ स्कूल बनाए जाने का प्रस्ताव है। स्कूल के लिए जमीन मुक्त कराने के उदेश्य को लेकर जमीन पर हुए अवैध निर्माणों को हटाया जा रहा है ।  पुर्नवास में डूब के विस्थापित लोगों ने इस कार्रवाई का विरोध किया, क्योंकि उनके अतिरिक्त और भी 20 निर्माण अभी वहां मौजूद है, जो कि घट्टिया समुदाय के बताए जा रहे, और इन्हें सतवास से विस्थापित कर यहां बसाया गया था।  विरोध के बीच में एसडीएम प्रवीण प्रजापति एवं तहसीलदार हरिओम ठाकुर मौके पर चार थानों के बल के साथ कार्रवाई कराते रहे। 

तहसीलदार हरिओम ठाकुर ने बताया कि पूरी कार्रवाई राज्य शासन के नियम अनुसार और चिन्हित जमीन को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए की जा रही है।  जिस पर शासन का अधिकार है।